किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाय
https://www.shirazehind.com/2025/03/blog-post_794.html
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ जहां कृषि, विद्युत, उद्यान सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी किसानों को दी गई। इस मौके पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विभागों से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हुईं, उसे तत्काल निस्तारित करें। किसानों की समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुनते हुए त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय। किसान दिवस आयोजन करने का उद्देश्य है कि किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाए और उनसे जुडी समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित की जाय। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को वाल, टेबल कैलेण्डर, बैग एवं प्राकृतिक खेती के विषय पर आधारित चार्ट वितरित किया।इसी क्रम में डिप्टी आरएमओ नृपंजय पाठक ने बताया कि गेहूं क्रय केंद्र 17 मार्च से संचालित हो गए हैं। इस वर्ष गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में गत वर्ष से 150 रुपए प्रति कुंतल की वृद्धि हुई है। प्रति कुंतल गेहूं की एमएसपी 2425 रुपए है। गेहूं विक्रय के लिए किसान बंधु किसी भी जन सेवा केंद्र पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराएं। किसान बंधु द्वारा स्वयं अपने मोबाइल में किसान मित्र ऐप डाउनलोड करके भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके अलावा अपने नजदीकी किसी भी धान क्रय केंद्र पर जाकर निःशुल्क अपना पंजीकरण करा सकते हैं। किसान बंधुओं की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने कुल 40 मोबाइल क्रय केंद्र भी बनाये हैं। जिस गांव में एक ट्रक लोड गेहूं मिलने की संभावना हो, वहां मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से किसान के घर जाकर तौल कराई जाएगी। एक दिन पहले किसान बंधु कंट्रोल रूम के नम्बर 05452350857 पर गेहूं तौल के लिए फोन कर सकते हैं।
कृषि वैज्ञानिक डा. सुरेंद्र सोनकर ने किसानों को बताया कि अधिक से अधिक वर्मी कंपोस्ट बनाकर खेत में डाले जिससे मिट्टी की गुणवत्ता सुधरेगी और गुणवत्ता युक्त अन्न उगाया जा सकेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, उप निदेशक कृषि हिमान्शु पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, किसान आदि उपस्थित रहे।