साइबर अपराधियों से रहें सावधान-प्रो. मनोज मिश्र
https://www.shirazehind.com/2025/02/blog-post_162.html
श्री विद्याधर तिवारी महिला पीजी कालेज में महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन
नौपेड़वा(जौनपुर) बक्शा विकासखंड के श्री विद्याधर तिवारी महिला महाविद्यालय सुल्तानपुर दरियावगंज में शनिवार को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। विषय पर अपनी बात रखते हुए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों से छात्राओं को घबराने की जरूरत नही है बल्कि खुद जागरूक बनकर उनके हौसले को पस्त करना है। साइबर अपराधी कितना भी होशियार हो यदि हम जागरूकता रखेंगे तो उनके मंसूबे कभी सफल नही होंगे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हमें अपनी निजता की सुरक्षा स्वयं करनी होगी। क्या सार्वजनिक करना है और क्या नही इसका बोध हमे रखना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया की हैकिंग, क्लोनिंग, फर्जी विज्ञापन, हनी ट्रैपिंग, साइबर बुलिंग आदि पर विद्यार्थियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को साइबर से सुरक्षित रखने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने महिला सहायता सुविधा 1090 एवं वित्तीय धोखाधड़ी के समय केंद्र सरकार के हेल्प लाइन नंबर 1930 को सदा याद रखने की सलाह दी। व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न किए। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक विनोद तिवारी, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार यादव, प्रवक्ता ओमप्रकाश यादव, सुनील तिवारी सहित सैकड़ों छात्राएं मौजूद रही। संचालन डॉ. जयेश मिश्र ने किया।