पावन भूमि में सरस्वती की वीणा से जुड़ी है कृष्ण की बांसुरी: राजेन्द्र प्रसाद

 प्रेरणा दिवस के रूप में मनायी गयी ठाकुर प्रसाद सिंह की 21वीं पुण्यतिथि

सुइथाकला, जौनपुर। जनपद में अपनी विरासत को संजोकर शिक्षा के क्षेत्र में सतत नये आयाम स्थापित करने में प्रयत्नशील गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के संस्थापक ठाकुर प्रसाद सिंह की 21वीं पुण्यतिथि प्रेरणा दिवस के रूप में मनायी गयी। कार्यक्रम में जहां ठाकुर प्रसाद जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया, वहीं हजारों की संख्या में लोगों ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रतापगढ़ जनपद निवासी एवं सूबे के पूर्व मन्त्री राजेन्द्र प्रताप सिंह "मोती" ने कहा कि विद्या मन्दिर के पावन परिसर में स्व. सिंह के पुण्यों के प्रतिफल के रूप में यह परिलक्षित हो रहा है। मानो विद्या मन्दिर के पावन परिसर में मां सरस्वती की वीणा भगवान कृष्ण की बासुरी से जुड़ गयी हो। बच्चों में शिक्षा, अनुशासन और नैतिक गुणों का जो विकास इस संस्थान में फलीभूत हो रहा है, वह उनके आशीर्वाद का ही प्रतिफल है। देश में नारी सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रहे विभिन्न योजनायें यहां मूल रूप में पल्लवित हुई हैं जो पूरे देश के लिए अनुकरणीय है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी ने कहा कि आज भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के अन्य कई देशों में हमारी जो पहचान है, वह इस संस्थान की देन है। यहीं से मिली शिक्षा की पूंजी ही हमारे लिए ज्ञान का भण्डार है। क्षेत्र के लिए आज यह गौरवमयी क्षण है कि जिस संकल्प से इस विद्यालय की स्थापना की गई थी। आज वह बच्चों में दिखाई दे रही है।
सम्बोधन के दौरान श्री तिवारी अपने अतीत की स्मृतियों का स्मरण कर भावुक हो उठे। सजल नेत्रों से ठाकुर प्रसाद जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्होंने स्व. सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का प्रकटीकरण किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ. अजेय प्रताप सिंह ने आगन्तुकों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में सीमित संसाधनों के बीच यह संस्थान आज 4000 छात्रों को उच्च गुणवत्तापरक शिक्षा तथा संस्कार प्रदान कर रहा है।सम्प्रति शिक्षा के क्षेत्र में यह संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए हुए है, यह स्व. सिंह के पवित्र शैक्षिक संकल्पों का परिणाम है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार प्रकट किये। वहीं बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनमानस को मंत्र—मुग्ध कर दिया। संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू ने सभी आगन्तुक अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पी.जी. कालेज के प्राचार्य प्रो. डाॅ. रणजीत पाण्डेय ने कहा कि स्व. सिंह की स्मृति हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। उनके व्यक्तित्व का वर्णन करना हमारे लिए सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता विनय तिवारी ने किया।
इस अवसर पर सिंगरामऊ राजघराने के प्रबन्धक शिव बाबा, बेलखरनाथ ब्लाक प्रमुख सुशील सिंह, आसपुर देवसरा ब्लाक प्रमुख कमलाकान्त यादव, राकेश सिंह, अंजनी सिंह, डाॅ. कंचन सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, राम सन्मुख तिवारी, खुटहन ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव, रामदयाल सिंह, बैजनाथ सिंह, सतीश सिंह सहित प्रबन्ध समिति के पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रबुद्धजन, शिक्षक/शिक्षणेतर कर्मचारी एवं विद्यालय के बच्चे उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 8170983958726912729

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item