जौनपुर की राजनीति में जल्द ही बड़ा बदलाव

प्रमोद जायसवाल

कई नेता होंगे इधर से उधर, बदलेंगे सियासी समीकरण

जौनपुर। लोकसभा चुनाव के पूर्व सभी राजनीतिक दलों में उथल-पुथल मची हुई है। अपनी पार्टी का दामन छोड़कर अनेक नेता दूसरे दलों में शामिल हो रहे हैं। जनपद की राजनीति में भी जल्द ही बड़ा बदलाव आने वाला है। कई दिग्गज नेता इधर से उधर होने की तैयारी में हैं जिससे मौजूदा सियासी समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
 चर्चा है कि सपा नेता जगदीश सोनकर बीजेपी में अपनी नई पारी की शुरूआत करने जा रहे हैं। दो बार शाहगंज व दो बार मछलीशहर विधानसभा सीट से विधायक रहे श्री सोनकर साइकिल की सवारी छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले हैं। श्री सोनकर मछलीशहर से वर्ष 2012 व 2017 में सपा के टिकट पर विधायक बने थे। 2022 में भी उन्हें पार्टी से टिकट मिला था परन्तु ऐन वक्त पर उनका टिकट काटकर रागिनी सोनकर को दे दिया गया। तब से श्री सोनकर पार्टी से नाराज चल रहे थे। दूसरा नाम सुषमा पटेल का है। मुंगराबादशाहपुर सीट से बसपा की विधायक रहीं सुषमा पटेल ने बाद में सपा का दामन थाम लिया था। 2022 में वह मडिय़ाहूं से सपा की उम्मीदवार थीं मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।  उनके भी बीजेपी में शामिल होने की जोरदार चर्चा है। हलांकि इस मामले पर सुषमा से बात करने की कोशिश किया गया लेकिन बात नहीं हो पायी लेकिन उन्होंने अपने पार्टी के नेताओ से सपा छोड़ने की बात को अफवाह बतायी है। 

अपनी स्थिति और मजबूत कर रही बीजेपी

वर्ष 2019 में जौनपुर लोकसभा सीट पर हार के बाद भाजपा अपनी स्थिति मजबूत करने की लगातार कोशिश में है। पिछड़ा व दलित नेताओं पर पार्टी की नजर है। जगदीश सोनकर को लेकर वह दलित वर्ग में पैठ बनाने की कोशिश करेगी वहीं सुषमा पटेल के सहारे कुर्मी वोटों को साधने का प्रयास करेगी। जौनपुर लोकसभा क्षेत्र में विधाानसभा की पांच सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा व सहयोगी दल ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया था। दो सीटों पर सपा को जीत हासिल हुई थी। मछलीशहर में भी बीजेपी को मुश्किल से जीत मिली थी। पार्टी प्रत्याशी बीपी सरोज मात्र 181 मतों से विजयी हुए थे। बीजेपी की यह जीत 2019 में देश में सबसे कम अंक की जीत थी। इस लोकसभा क्षेत्र में जिले की चार विधानसभा सीटें हैं। इसमें से मात्र एक सीट पर बीजेपी को जीत हासिल हुई थी।

दोनों लोकसभा सीटों पर बीजेपी को होगा फायदा

जगदीश सोनकर व सुषमा पटेल के पार्टी में शामिल होने से बीजेपी को जौनपुर व मछलीशहर (सुरक्षित) दोनों लोकसभा सीटों पर जातीय समीकरण के हिसाब से फायदा होगा। जौनपुर लोकसभा क्षेत्र में दलित वोटरों की संख्या लगभग 20 फीसदी तथा मछलीशहर में 23 प्रतिशत है। मुंगराबादशाहपुर, मडिय़ाहूं, मछलीशहर व जफराबाद में कुर्मी वोट निर्णायक साबित होते हैं। दोनों नेताओं की अपने वर्ग के वोटरों में गहरी पैठ है। जिसे बीजेपी के पक्ष में ट्रांसफर कराने में सहायक सिद्घ हो सकते हैं।

विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा लाभ

जनपद की मछलीशहर विधानसभा ऐसी सीट है जहां से बीजेपी को कभी जीत हासिल नहीं हुई है। बीजेपी को छोड़कर सभी राजनीतिक दल यहां से प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2012 व 2017 में जगदीश सोनकर सपा के टिकट पर यहां से विधायक बने थे। 2022 में समाजवादी पार्टी की ही रागिनी सोनकर ने जीत दर्ज किया था। उन्होंने भाजपा के मेहीलाल गौतम को साढ़े 8 हजार वोटों से पराजित किया था। दरअसल मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के पास कोई दमदार चेहरा नहीं है। जगदीश सोनकर के आने से भाजपा को बड़ा लाभ मिलेगा।

धनंजय भी देंगे बीजेपी को कड़ी चुनौती

पूर्व सांसद धनंजय सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव बनाये गये हैं। जेडीयू व समाजवादी पार्टी विपक्षी गठबंधन 'इंडिया'  का हिस्सा है। जब विपक्षी दलों में सीटों का समझौता होगा तो जेडीयू निश्चित रूप से जौनपुर लोकसभा सीट पर दावेदारी पेश करेगी। सपा को यह सीट जेडीयू के लिए छोड़नी पड़ेगी। गौरतलब है कि धनंजय सिंह का क्षेत्र में बड़ा जनाधार है। धनंजय दो बार विधायक व एक बार सांसद रह चुके हैं। उनकी पत्नी श्रीकला सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। इनके पिता राजदेव सिंह भी रारी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उनके पक्ष में सपा के यादव व मुसलमान वोट भी ट्रांसफर होंगे। ऐसे हालात में धनंजय बीजेपी के लिए कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।

सपा-बसपा गठबंधन से शिकस्त खा चुकी है बीजेपी

पिछले लोकसभा चुनाव में जौनपुर सीट पर बीजेपी सपा-बसपा गठबंधन से शिकस्त खा चुकी है। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी श्याम सिंह यादव ने भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह को करीब 80 हजार मतों से पराजित किया था। सपा-बसपा गठबंधन को 50 फीसदी से ज्यादा मत मिले थे जबकि इससे पहले 2019 के चुनाव में बीजेपी के कृष्ण प्रताप सिंह ने बसपा के सुभाष पाण्डेय को शिकस्त देकर जीत दर्ज किया था। सपा के पारसनाथ यादव तीसरे स्थान पर रहे थे।

Related

जौनपुर 7688819568079299715

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item