मातारानी के दर्शन करने के लिए पंडालों में उमड़ रही है श्रद्धालुओं की भीड़
https://www.shirazehind.com/2022/10/blog-post_52.html
जौनपुर। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही चारों तरफ देवी मां के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। पूरे जनपद में जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं पण्डालों में स्थापित कर विधिवत अर्चन पूजन किया जा रहा है। कोरोना काल के बाद 2 वर्षों बाद एक बार पुनः पण्डालों की रौनक लौटी है। लोग जोर-शोर से माता रानी की पूजा में जुटे हुये हैं। गांव से लेकर शहर तक लगभग 600 के ऊपर पण्डाल स्थापित किये गये हैं। तमाम पण्डालों में तमाम तरह की मूर्तियां और सजावट की गयी हैं। कहीं कई लोगों ने भव्य अयोध्या के राम मंदिर को सजाया है और उसे बेहतर रूप से प्रदर्शित किया है तो कहीं लोगों ने देश की अखंडता और एकता को देखते हुए इस वर्ष मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव के तहत पूरे पण्डाल को ही तिरंगे में पिरो दिया है। यहां तक कि मां की मूर्ति भी तिरंगे में पिरोई हुई है। वहीं जनपद की सबसे बड़ी मूर्ति बड़ी महारानी के नाम से जानी जाने वाली ओलन्दगंज की मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा भी लोगों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। लगभग 45 वर्ष पुरानी संस्था धार्मिक शिव शक्ति संस्था हनुमान मंदिर रुहट्टा में इस बार पूरे जोश के साथ मां की प्रतिमा स्थापित कर पूजन अर्चन जोर शोर से चल रहा है। सुबह से लेकर शाम तक भक्तों का मां के दर्शन के लिये तांता लगा हुआ है। संस्था के पदाधिकारी कार्यकर्ता जी-जान से जुटकर हर रोज नया कुछ कर माता को अपनी भेंट अर्पण कर रहे हैं। संस्थाध्यक्ष पवन जायसवाल, उपाध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव पत्रकार, महासचिव नंदेश अग्रहरी, कोषाध्यक्ष आकाश मौर्य, आय व्यय निरीक्षक हर्षित श्रीवास्तव, व्यवस्थापक विक्की श्रीवास्तव, बबलू विश्वकर्मा व संरक्षक मंडल के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश सिंह, मोहन शंकर, दिनेश अग्रहरि, अमित अग्रहरि, ऋषि सिंह आदि लगे हुये हैं।