फातमा के रौजे की तामीर के लिए सऊदी हुकूमत पर दबाव बनाये सरकार:हसन अकबर
https://www.shirazehind.com/2022/05/blog-post_38.html
जौनपुर। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के सचिव मौलाना हसन अकबर खान ने कहा कि जन्नतुल बकी का इंदेहाम जिस दिन सऊदी हुकूमत ने किया था वह इस्लामी इतिहास का सबसे काला दिन है। आज तक मोहम्मद साहब की बेटी जनाबे फातमा स.अ. का रौजा तामीर नहीं हुआ जो तमाम दुनिया के मुसलमानों के लिए शर्म की बात है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की आह्वान किया कि वह सऊदी हुकूमत पर दबाव बनायें और रौजा पुन: तामीर करायें। गौरतलब हो कि सऊदी अरब के मदीना शहर में स्थित जन्नतुल बकी में मोहम्मद साहब की इकलौती बेटी जनाबे फातमा स.अ. का मजार है।
सन 1821 में शाह अब्दुल अजीज नामक सऊदी शासक ने रौजे को गिरवा दिया था जिसके बाद से अब तक रौजा पुन: तामीर नहीं हो सका। उन्होंने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से कहा कि भारत सरकार सऊदी हुकूमत पर रौजा तामीर करने के लिए दबाव बनाये ताकि रौजा पुन: बनवाया जा सके। इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मेराज हैदर के नेतृत्व में मौलाना हसन अकबर ने भारत के प्रधानमंत्री व यूपी के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी उपजिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर अजय कुमार सिंह बबलू, शहनवाज खान, मोअज्जम खान, मोहम्मद अब्बास, अली अब्बास, असगर अब्बास, मोहम्मद आरिफ, शहंशाह खान आदि मौजूद रहे।