घर की दीवार ढहने से मलबे में दबकर महिला ग्राम प्रधान की मौत
https://www.shirazehind.com/2022/04/blog-post_737.html
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में मंगलवार की दोपहर कच्चे घर की दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक महिला ग्राम प्रधान की मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मचा हुआ है। हादसे से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
ग्रामसभा कबीरपुर की प्रधान 50 वर्षीय रीता देवी पत्नी दूधनाथ सरोज अपने कच्चे घर की गोबर से लिपाई-पोताई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार ढह गई। उसके मलबे के नीचे रीता देवी दब गईं। चीख-पुकार सुनकर जुट गए स्वजन व पास-पड़ोस के लोगों ने मलबा हटाकर बुरी तरह से घायल रीता देवी को निकाला। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौत की खबर आते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजन के करुण क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। संवेदना जताने के लिए घर पर ग्रामीणों व सगे-संबंधियों का तांता लगा हुआ है।