बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े , दस घायल
https://www.shirazehind.com/2022/04/blog-post_310.html
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के ऊदपुर गेल्हवा गांव में गुरुवार की देर रात बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बड़ों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दस लोग घायल हो गए। दोनों परिवारों के बच्चों के बीच खेलने के दौरान हाथापाई हो गई। इसी को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में एक पक्ष से 22 वर्षीय रंजीत, 15 वर्षीय सुदर्शन जबकि दूसरे पक्ष से 50 वर्षीय शकुंतला गौतम, 22 वर्षीय सनोरमा, 25 वर्षीय मनोरमा, 30 वर्षीय अखिलेश, 60 वर्षीय रामअवध, 56 वर्षीय उमेश, 28 वर्षीय सिधू व 21 वर्षीय इंदू देवी घायल हो गईं। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए शकुंतला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।