दो स्थानों से मवेशी उठा ले गए चोर
https://www.shirazehind.com/2022/01/blog-post_990.html
जौनपुर। मवेशी चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात फिर दो स्थानों से मवेशी चोर दो भैंस व गाय उठा ले गए। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी ओम प्रकाश मौर्य की भैंस घर के पीछे टिनशेड में बंधी थी। शनिवार की भोर में चार बजे ओम प्रकाश जागे तो भैंस गायब मिली। खोजबीन के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बताया कि लगभग दो बजे पिकअप तेजगति से उनके घर के पास से निकलती देखी गई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि पिकअप पर मवेशी चोर भैंस लाद ले गए।
रामपुर थाना क्षेत्र के गंधौना निवासी बेचन पटेल व उनके स्वजन सो रहे थे। रात करीब एक बजे आहट लगने पर जागे तो घर के सामने मड़हे में बंधी उनकी भैंस गायब थी। शोर मचाया, लेकिन तब तक मवेशी चोर भैंस पिकअप पर लादकर नहर के रास्ते भागने में सफल हो गए। उधर, पट्टी गांव निवासी पोड़ई दुबे की मड़हे में बंधी गाय भी लाद ले गए। थानाध्यक्ष रामपुर ओम नारायण सिंह ने कहा कि छानबीन की जा रही है।