ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में सिपाही की मौत , घर में मचा कोहराम
https://www.shirazehind.com/2022/01/blog-post_41.html
जौनपुर। मीरजापुर में तैनात छातीडीह गांव निवासी 36 वर्षीय यातायात आरक्षी अमरदीप सरोज की गुरुवार की रात ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में मौत की खबर आते ही घर में कोहराम मच गया। गांव के अधिकतर घरों में चूल्हे नहीं जले। मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
वर्ष 2011 में पुलिस महकमे में चयनित अमरदीप सरोज की इनदिनों मीरजापुर में तैनाती थी। वह पत्नी सुनीता देवी, दो पुत्रियों 14 वर्षीय अंशिका, 11 वर्षीय सन्नो व पांच वर्षीय पुत्र चीनू के साथ वहीं रहते थे। वह रात में बाइक से ड्यूटी करने जा रहे थे। चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज के पास पीछे से तेज रफ्तार कार के टक्कर मार देने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उपचार के लिए मीरजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहां से यह मनहूस खबर आते ही स्वजन रोने-बिलखने लगे। पिता बृजानंद व भाई संदीप व गांव के काफी संख्या में लोग मीरजापुर के लिए रवाना हो गए। स्वजन के अनुसार अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा। मां सुनरा देवी रोते-रोते बेसुध हो जा रही हैं।