सपा मुखिया देशद्रोहियों और देश तोड़ने वालों के साथ खड़े हैं : मनीष शुक्ला
https://www.shirazehind.com/2021/11/blog-post_634.html
जौनपुर। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव देशद्रोहियों और देश तोड़ने वालों के साथ खड़े हैं। भारत को अखंडता के सूत्र में बांधने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल से देश को तोड़ने वाले जिन्ना की तुलना देश व राष्ट्रीयता का अपमान है। यह बताता है कि सपा और उसके मुखिया देशद्रोहियों के साथ खड़े हैं।
प्रदेश प्रवक्ता गुरुवार को बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के सलामतपुर, ढेमा, तुलापुर, लेदुका, गौरा व बदलापुर बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा से ही आतंकियों और देशद्रोहियों की सरपरस्त रही है। सपा मुखिया ने सत्ता में रहते हुए देश को असुरक्षित करने की साजिश करने वाले आतंकियों के मुकदमे वापस लेने का प्रयास किया था। जिस आजम खां ने भारत माता के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था वह सपा की आंखों के तारे हैं और सरकार में उन्हें हमेशा अहम पदों पर बनाए रखा।