सिलेंडर लीक होने से मची अफरा-तफरी
https://www.shirazehind.com/2021/11/blog-post_50.html
जौनपुर। सिगरामऊ थाना क्षेत्र के कबेली गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सीएनजी पंप पर गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे सिलेंडर लीक होने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवागमन रोककर पंप परिसर को खाली कराया। लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारी अनहोनी की आशंका में सहमे रहे।
पंप पर गुरुवार की सुबह सीएनजी का सिलेंडर लीक होने की आवाज सुनकर वहां मौजूद कर्मचारी व ग्राहक घबरा गए। कर्मचारियों ने स्थिति समझकर तत्काल वहां से लोगों को हटाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक रामायण यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा पूरे पंप परिसर को खाली कराकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन रोक दिया।
इस दौरान एक घंटे तक वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले चार पहिया वाहनों को बटाऊबीर मार्ग से भेजना शुरू कर दिया। एक घंटे बाद टेक्नीशियन ने पहुंचकर जब सिलेंडर को ठीक किया तो स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका।