किशोरी को शराब पिलाकर रेप करने का आरोपी गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2021/09/blog-post_392.html
जौनपुर। किशोरी को शराब पिलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी स्टूडियो संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने नशे में बेसुध होने के बाद अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई है। यह भी आरोप है कि आपत्तिजनक वीडियो रिकार्डिंग करने के बाद वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी रविवार की देर शाम अस्त-व्यस्त हालत में स्कूल के पास देखी गई। ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी। रात में होश में आने पर किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई तो पूरे परिवार के पैरो तले जमीन खिसक गई। मंगलवार की शाम किशोरी परिजनों के साथ थाने पहुंची। उसके चचेरे भाई ने तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक किशोरी घटना के दिन जंघई में गंगा प्रसाद मौर्य निवासी गांव पतैया थाना सराय ममरेज जिला प्रयागराज के स्टूडियो में फोटो खिचाने गई थी। आरोप है कि दूसरे कमरे में वस्त्र बदलते समय गंगा प्रसाद ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकार्डिंग कर ली। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को शराब पिलाया। इसके बाद वह बेसुध हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई।
थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ है। किशोरी को महिला कांस्टेबल की निगरानी में बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय भेजकर मेडिकल मुआयना करा दिया गया है।