तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ नहीं लगा प्रधान का कातिल और साजिशकर्ता
https://www.shirazehind.com/2021/02/blog-post_69.html
जौनपुर। मखमेलपुर गांव के निवर्तमान प्रधान सपा नेता राजकुमार यादव के कातिल और साजिशकर्ता पुलिस को चकमा देकर जिले की सीमा से बाहर निकल चुके हैं। तलाश आसपास के जनपदों में भी हो रही है, लेकिन तीसरे दिन भी कोई पुलिस के हाथ नहीं लग सका। एएसपी (ग्रामीण) त्रिभुवन सिंह के नेतृत्व में छह पुलिस टीमें पल-पल के लोकेशन पर नजर रखते हुए तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। खुफिया टीम भी सुरागरसी में जुटी है। सर्विलांस सेल घटनास्थल के आसपास के मोबाइल फोन टावरों के काल रिकार्ड जुटा रही है। इसी बीच संदेह के दायरे में आए दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
राजकुमार यादव की मंगलवार को दिनदहाड़े सरायख्वाजा थाना से कुछ दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने शहर से घर आते समय बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दो पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही कोइरीडीहा चौराहे पर शव रखकर चार घंटे जौनपुर-शाहगंज मार्ग ठप कर बवाल किया था। इसमें एक एसआइ व दो सिपाहियों के अलावा कुछ राहगीर व मीडिया कर्मियों को चोटें आईं थीं। मृत राजकुमार के पुत्र अमित यादव की तहरीर पर सतीश सिंह निवासी मनिया व उभाष यादव निवासी मखमेलपुर और एक अज्ञात के विरुद्ध हत्या व साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे भी हैं, लेकिन वह इसका ब्यौरा अभी देने से कतरा रही है। नामजद हत्यारोपितों की गिरफ्तारी व अज्ञात को चिह्नित करने में छह थानेदारों की टीमें लगी हैं। मार्गदर्शन करने के अलावा अलग से एक टीम लेकर एएसपी (ग्रामीण) त्रिभुवन सिंह खुद लगातार दबिश दे रहे हैं।