दिल्ली पुलिस ने किया जौनपुर से अतंरजनपदीय चोर को गिरफ्तार
जौनपुर : दिल्ली से आई पुलिस टीम ने सोमवार की देर शाम जफराबाद थाना पुलिस की मदद से अहमदपुर गांव में दबिश देकर अंतरप्रांतीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की दो लग्जरी कारें व बुलेट बाइक बरामद हुई। पुलिस को यह सफलता दिल्ली में पकड़े गए गिरोह के सदस्य की निशानदेही पर मिली। चार माह पूर्व अशोक नगर ईस्ट (नई दिल्ली) थाने में होंडा सिटी कार चोरी होने की एफआइआर दर्ज कराई गई थी। छानबीन में जुटी दिल्ली पुलिस की एटीएस टीम ने सतीश कुमार निवासी नंद नगरी (नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया था। आरोपित सतीश को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उसने कुबूल किया कि वह अंतरप्रांतीय गिरोह का सदस्य है। अब तक दो दर्जन से अधिक लग्जरी कारें, बाइक व अन्य वाहन चोरी कर चुका है। उसने राजफाश किया कि जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव का कुणाल यादव भी उसके गैंग का सदस्य है। उसके पास मौजूदा समय में चोरी की दो होंडा सिटी कार व बुलेट बाइक है। दिल्ली पुलिस की एटीएस टीम थाने पर आई। निशानदेही पर कुणाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से तीनों वाहन बरामद हो गए। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद दिल्ली पुलिस आरोपित को साथ लेकर चली गई।