चोरी के चेक से पैसा निकालने का प्रयास करने का आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। कचहरी रोड सिविल लाइन स्थित इंडियन बैंक के काउंटर से चेक बुक चोरी कर तीन लाख रुपये निकालने का प्रयास करने वाले जालसाज को बैंक कर्मी ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान शाखा प्रबंधक ने एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपित को जेल भेज दिया।
शाखा प्रबंधक ज्ञान शंकर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि चार नवंबर को सुबह 11 बजे उत्तर प्रदेश सेतु निगम के नाम से तीन लाख का चेक कैश काउंटर पर राजीव कुमार सिंह के नाम से लगाया गया। भुगतान सीधे धारक को करना था। हस्ताक्षर मिलान करने पर नहीं मिला। पुकारने पर वह व्यक्ति काउंटर पर नहीं आया। उत्तर प्रदेश सेतु निगम को फोन कर सारी बात अवगत करा दिया। विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि कोई चेक नहीं काटा गया है। बताए गए चेक नंबर की चेक बुक उन्हें अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। सीसीटीवी से छानबीन की गई तो पता चला कि 31 अक्टूबर को दोपहर 12.30 बजे बैंक के काउंटर पर सेतु निगम के खाता नंबर पर चेक बुक देने के लिए रखा गया था। भीड़ का फायदा उठाते हुए मुंह पर गमछा बांधे अज्ञात व्यक्ति काउंटर से चेक बुक उठाकर चला गया। आठ दिसंबर को बैंक का कर्मचारी आकाश कनौजिया कचहरी पोस्ट आफिस पर बैंक के कार्य से गया था। लौटते समय वह संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया जो चार नवंबर को बैंक में आया था। आकाश को देखकर वह भागने लगा जिसे पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम राजीव सिंह बताते हुए चेक लगाना स्वीकार किया। आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जिसे बुधवार को जेल भेज दिया गया।