दोपहर तक कोहरे की चादर तनी रही
जौनपुर । मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। आसमान में जहां छिटपुट बादलों का डेरा है, वहीं मंगलवार को दोपहर तक कोहरे की चादर तनी रही। ऐसे में सूरज की किरणें निस्तेज रहीं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चले वहीं ²श्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहा। न्यूनतम तापमान अधिक होने के कारण लोगों ने सुबह ठंड से राहत महसूस की। तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा है। सोमवार की रात से शुरू हुआ कोहरे का कहर दूसरे दिन दोपहर तक बरपता रहा। कोहरे के कारण आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट न होने से लोगों दिसंबर माह में भी ठंड से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। कोहरे व पाला के कारण अगेती आलू, मटर, अरहर की फसल में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है। दूसरी तरफ घने कोहरे में गेहूं की बोआई के लिए पलेवा और सिचाई करने परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक कमी नहीं दर्ज की जा रही है लेकिन आगामी दिनों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के कारण शीतलहर की संभावना है। सुबह सात बजे तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा। दक्षिण से पश्चिम की ओर हवाएं चार किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं। शाम चार बजे के बाद सूरज की किरणें मद्धिम पड़ने के साथ ही तापमान के गिरने का क्रम शुरू हो जा रहा है।