व्यवसायिक खेती से आएगी खुशहाली
https://www.shirazehind.com/2020/12/blog-post_241.html
जौनपुर : कृषि विभाग द्वारा शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा और ब्लाक सभागार बदलापुर में कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम व आत्मा योजन्तर्गत ब्लाक स्तरीय रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया, इसमें कृषि विविधीकरण द्वारा किसानों की आय दूनी करने के उपाय, विपणन व्यवस्था, मृदा स्वास्थ्य, रबी फसलों के वेहतर उत्पादन वाली तकनीकीयो एवं लाभकारी कृषि योजनाओं से विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्रशिक्षित किया गया।
डिप्टी पीडी (आत्मा) कृषि प्रसार डा.रमेश चंद्र यादव ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने तथा आय बढ़ाने हेतु सन्तुलित खेती के साथ - साथ पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मधुमक्खी पालन, रेशम उत्पादन, मशरूम उत्पादन अति आवश्यक है ताकि कृषि विविधीकरण अपनाते हुए विभिन्न स्रोतों से अपनी आय में वृद्धि कर किसान अपनी समृद्धि कर कृषि का सतत विकास कर सकते है।
कृषि वैज्ञानिक डा. संदीप कुमार ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों को अब खेती को आजीविका के साधन के रूप में नही बल्कि उद्यम के रूप में अपनाने की आवश्यकता है, इसमे कृषि तथा संबंधित विभागों यथा पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, मंडी का सहयोग किसान भाइयों को लेना होगा। कृषि वैज्ञानिक डा. अनिल कुमार यादव ने गोष्ठी में किसानों को गेहूँ, गन्ना उत्पादन तकनीक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य तालाब प्रबंधन, अन्तः फसली खेती एवं जैविक खेती, फसल बीमा की जानकारी विस्तार से दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह तथा संचालन प्रगतिशील किसान मिथिलेश सिंह ने किया। इस मौके पर एडीओ एजी सतई राम, मौसम वैज्ञानिक पंकज जायसवाल, प्राविधिक सहायक सकल नारायण पटेल, इन्दल यादव, बीटीएम यशवंत कुमार, राजकुमार,दिलीप कुमार तथा दुर्गा मौर्या,मीना भारती, पूनम पांडेय, संगीता, सरोजा, संजय सिंह, आदि किसान मौजूद रहे।