फांसी से लटका मिला दिव्यांग का शव
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव में शुक्रवार की सुबह अविवाहित प्रौढ़ का घर में संदिग्ध स्थिति में फांसी से लटका शव दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। मामला हत्या या आत्महत्या में उलझ गया है। घटनास्थल की परिस्थितियां साफ संकेत दे रही हैं कि हत्या कर शव लटका दिया गया। पुलिस भी इससे इन्कार नहीं कर रही है। तहकीकात में जुटी पुलिस मृतक के मोबाइल फोन का काल डिटेल खंगाल रही है। उक्त गांव निवासी कैलाश सिंह (58) का बायां हाथ और पैर ठीक से काम नहीं कर रहा था। घर पर वह अकेले रहते थे। उनके बड़े भाई बटेश्वर सिंह रोजी-रोटी के सिलसिले में अपने परिवार समेत मुंबई रहते हैं। पड़ोसी के घर खाते-पीते थे। करीब एक सप्ताह पूर्व पड़ोसी की बहू ने उन्हें खाना बनाने-खिलाने से इन्कार कर दिया। तब से कैलाश सिंह का एक अन्य पड़ोसी मंगला सिंह के यहां से खाना-पीना चल रहा था। सुबह मंगला सिंह चाय देने गए तो कमरे में पंखे में केबल से फंदे से लटका कैलाश सिंह का शव लटका देखकर उनकी घिघ्घी बंध गई। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए। कमरे का दरवाजा खुला था। शव के पास एक टेबल भी खड़ा मिला। परिस्थितियों संकेत दे रही थीं कि हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव लटका दिया गया। पराऊगंज पुलिस चौकी प्रभारी युगल किशोर राय सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। फंदा खोलकर शव को उतरवाया। पुलिस भी घटना को संदिग्ध मानते हुए मृतक के मोबाइल फोन का काल डिटेल खंगाल रही है।