आत्महत्या के इरादे से महिला ने अपने शरीर डाला पेट्रोल
https://www.shirazehind.com/2020/11/blog-post_27.html
जौनपुर। मल्हनी बाजार में अपने पति की ननिहाल में बुधवार को महिला ने आत्महत्या के इरादे से शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया। वह आग लगाती इससे पहले ही लोगों ने पकड़ लिया। उसने ससुरालीजन पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व विदाई न करने का आरोप लगाया।
फूलपुर (आजमगढ़) की ऊषा मोदनवाल का विवाह 23 नवंबर 2015 को जिले के नेवढि़या बाजार निवासी संतोष मोदनवाल के साथ हुआ था। दांपत्य जीवन में खटास आने के बाद वह मायके में रह रही थी। संतोष के ननिहाल में मल्हनी बाजार आने की सूचना पर ऊषा मायके से कुछ स्वजनों संग आ धमकी। उसने घर में जाकर साथ में लाया पेट्रोल शरीर पर छिड़क लिया। वह आग लगाती इससे पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। खबर लगने पर सरायख्वाजा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्य मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में ऊषा ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी विदाई नहीं करा रहे हैं। वहीं ससुरालीजन का कहना है कि ऊषा ने मुकदमा कर रखा था। सुलह-समझौते के बाद संबंध विच्छेद हो चुका है। अब वह फिर पैसों के लिए परेशान कर रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।