ग्रामीणों के दौड़ाने पर हवा में गोलियां चलाते हुए भाग गए बदमाश
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के इमामपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच भूमि संबंधी विवाद को लेकर एक पक्ष की तरफ से मंगलवार की देर शाम टिन शेड ढहाने पहुंचे अराजकतत्व ग्रामीणों के ललकारने भाग गए। ग्रामीणों के दौड़ाने पर खुद को घिरता देख हवा में गोलियां चलाते भाग गए। गांव निवासी महंथ लाल गुप्ता व पड़ोसी मोहम्मद इजहार हुसैन के बीच आबादी की भूमि को लेकर कई महीनों से विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर कई बार पंचायत हो चुकी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। विवादित भूमि दोनों पक्षों के आवास के मध्य स्थित है। एक तरफ मोहम्मद इजहार ने अपने घर के सामने टिन शेड लटका रखा है। महंथ लाल उसे हटाने के लिए दबाव बना रहे थे। न हटाने पर महंथ लाल अपने घर की दीवार तोड़कर उसी जमीन की तरफ दरवाजा निकालने लगे। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। इजहार हुसैन का आरोप है कि दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे छह की संख्या में अज्ञात अराजकतत्व उनका टिन शेड ढहाने लगे। उनके स्वजनों के गुहार लगाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण ललकारते हुए घेराबंदी करने लगे तो खुद को घिरता देख अराजकतत्व भागने लगे। पीछा करने पर हवाई फायरिग करने लगे। भयभीत होकर ग्रामीण पीछे हट गए तो अराजकतत्व गभिरन बाजार की तरफ भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ कर वापस लौट गई। पीड़ित ने अज्ञात मनबढ़ों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह ने कहा कि हवाई फायरिग की अफवाह फैलाई जा रही है। न तो कोई घायल हुआ है और न ही मौके पर खोखा मिला।