मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
https://www.shirazehind.com/2020/08/blog-post_917.html
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के पट्टी जमालापुर गांव में करीब सप्ताह भर पूर्व हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत की खबर आते ही गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने नामजद आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव की पल-पल की स्थिति पर नजर रखे हुए है। उक्त गांव में गत बुधवार को मनोज कुमार सिंह व शिव बहादुर सिंह के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। शिव बहादुर सिंह व उनके पुत्र हर्ष सिंह की पिटाई से मनोज कुमार सिंह (46) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में आई गहरी चोट के कारण उन्हें जिला अस्पताल से इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर आते ही गांव की स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पता चलते ही पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने को सतर्क हो गई। थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय व जमालापुर पुलिस चौकी प्रभारी ईश्वर चंद्र त्रिपाठी मयफोर्स बराबर गांव का चक्रमण कर रहे हैं। पुलिस ने मृतक के भतीजे रितेश सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित हत्यारोपित शिव बहादुर सिंह व उनके पुत्र हर्ष को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।