नदी में डूबे तीसरे किशोर का शव को ग्रामीणों ने खोजा
https://www.shirazehind.com/2020/08/blog-post_434.html
जौनपुर। गोपालापुर में रामघाट पर वसुही नदी में रविवार को नहाते समय मोबाइल फोन से सेल्फी लेने के चक्कर में डूबे तीनों किशोर के शव बरामद हो गए हैं। दो के शव रविवार की देरशाम गोताखोरों ने ढूंढ़ निकाला था, जबकि तीसरे का शव सोमवार को ग्रामीणों ने खोजा। गढ़वा बशीरपुर गांव निवासी पांच किशोर रविवार की दोपहर घर से करीब दो किलोमीटर दूर गोपालापुर गांव के पास स्थित रामघाट पर वसुही नदी में स्नान करने गए थे। नहाते समय सेल्फी लेने के चक्कर में चचेरे भाइयों समेत तीन विशाल, विकास व निलेश गहरे पानी में चले जाने से डूब गए थे। हादसे की जानकारी होते ही डूबे किशोरों के घर कोहराम मचने के साथ ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया था। घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी। प्रशासन ने तलाश में आसपास के तैराकों व जिला मुख्यालय से बुलाए गए गोताखोरों को लगाया। घंटों कड़ी मशक्कत के बाद विशाल व विकास के शव देर शाम बरामद हो गए थे। इसके बाद अंधेरा हो जाने पर तीसरे की तलाश रोक दी गई थी। तीसरे किशोर निलेश का शव सोमवार को ग्रामीण तैराकों ने बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।