जमीनी विवाद में चटकी लाठियां ,19 घायल , 26 गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2020/07/19-26.html
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बिथार व निशान गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार को हुई मारपीट में 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 26 आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। बिथार गांव में रामाश्रय व छोटेलाल के बीच कई महीने से विवाद चल रहा था। एक पक्ष द्वारा मेड़ बनाने व दूसरे पक्ष के मना करने पर जमकर लाठी-डंडे चल गए। इसमें एक पक्ष से आठ जबकि दूसरे पक्ष से नौ लोग घायल हो गए। दूसरी तरफ निशान गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड में कराया गया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने उभय पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर 26 आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इसी तरह सुजानगंज थाना क्षेत्र नकबहरीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में 13 लोग घायल हो गए। इनमें से आठ को गंभीर चोटों के कारण सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उक्त गांव के दिलीप पाठक व सुनील चंद्र उपाध्याय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। इसमें एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। चार अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से विनय कुमार व सुनील उपाध्याय की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजित राम यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से सात- सात नामजद के खिलाफ तहरीर मिली है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।