भीषण बारिश ने पहुंचाई भारी क्षति
https://www.shirazehind.com/2019/09/blog-post_288.html
जौनपुर। जिले में चार दिनों हुई बारिश ने जहां भारी तबाही मचाई और पांच दर्जन से अधिक मकान गिर गये और कई लोगों की जान भी गयीं । अब बारिश के बाद अनेक स्थानों पर जलजमाव बना हुआ है तथा सड़के क्षतिग्रस्त हो गयी है। बारिश ने शहर से लेकर गांवों तक को पानी-पानी कर दिया। सरकारी कार्यालय परिसर व विद्यालयों में पानी भर गया। बारिश के साथ चली हवाओं से धान की फसल गिर गई। पानी जहां फसल के लिए फायदेमंद बताया गया है। वहीं पलटने से धान के उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई। जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बारिश से धान की फसल प्रभावित हुई। बरसात से सैकड़ों बीघा धान की फसल पलट गई। इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ। बारिश से जगह-जगह गलियों में जलभराव होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।बारिश से कच्चे आवासों में रहने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे उड़द की फसल को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। इसके साथ ही मूंग, तिल्ली और अन्य फसलों का भी नुकसान हुआ है। तिल्ली की फसल पूरी तरह से जमींदोज हो गई। बारिश से खेतों में पानी भरने के कारण गेंदा, गुलाब और ग्लैडिओलस के पौधे गलने लगे हैं।