बाहुबली विधायक के घर से मिली AK 47 राइफल, दो हैंड ग्रेनेड भी मिले,
https://www.shirazehind.com/2019/08/ak-47.html
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर से एके 47 (AK 47) राइफल मिली है। AK 47 के मिलने की पुष्टि पटना के ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्रा ने की है। इसके साथ ही दो हैंड ग्रेनेड भी मिले हैं। इसके बाद पटना पुलिस ने बम स्क्वॉड को भी बुला लिया है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह से ही मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के घर पर पटना पुलिस लगातार छोपमारी कर रही है। छापेमारी बाढ़ के लदमा गांव स्थित उनके आवास पर चल रही है।
बता दें कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर कई तरह के आरोप हैं। वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी लोकसभा का चुनाव मुंगेर से लड़ी थीं। उनका मुकाबला जदयू के ललन सिंह से था। इसमें ललन सिंह भारी मतों से जीते हैं।
इधर, मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने जदयू सांसद ललन सिंह पर बड़ा अारोप लगाया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह सब जदयू सांसद ललन सिंह के इशारे पर हो रहा है। मेरे खिलाफ साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ललन सिंह नहीं चाहते हैं कि मैं 2020 में बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ूं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इंसाफ की उम्मीद है।
वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार उसे सूचना मिली थी कि अनंत सिंह के घर पर कई आपत्तिजनक सामान रखे हुए हैं। इसे लेकर शुक्रवार की अलसुबह तीन बजे से छापेमारी की जा रही है। ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्रा के नेतृत्व में की जा रही इस छापेमारी में पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। विधायक अनंत सिंह के पैतृक घर से दो हैंड ग्रेनेड भी मिले हैं। इसके बाद पटना से बम स्क्वॉड की टीम भी बुलाई गई है। टीम बम की जांच कर रही है। बाढ़ की एसडीपीओ लिपि सिंह ने एके 47 तथा दो हैंड ग्रेनेड के मिलने की पुष्टि की है।
सूत्रों की मानें तो अलसुबह भारी तादाद में पुलिसकर्मी अनंत सिंह के पैतृक गांव लदवां पहुंचे। उनके घर को पुलिसकर्मियों ने चारो ओर से घेर लिया। हालांकि उस समय अनंत सिंह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर में मौजूद लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। पूरे इलाके के घेराबंदी कर दी गयी। किसी को भी उस ओर जाने नहीं दिया गया। गांव के लोगों ने बताया कि अनंत सिंह के घऱ की दीवारों को तोड़ा गया। हालांकि पुलिस ने किसी भी तोड़फोड़ से इनकार किया है।