"जाको राखे साईंया मार सके न कोई" चरितार्थ हुई
https://www.shirazehind.com/2019/04/blog-post_418.html
जौनपुर। जाको राखे साईंया मार सके न कोई कहावत मंगलवार को एक बार फिर
जफराबाद स्टेशन पर चरितार्थ हुई। नासही निवासी दंपती अशोक
कुमार साहू व चांदतारा देवी सुबह दस बजे डॉक्टर को दिखाने बीएचयू जा रहे
थे। स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि पैसेंजर ट्रेन लेट है। इतने में छपरा
एक्सप्रेस वाराणसी के लिए जाने की सूचना मिली। कई लोग चलती ट्रेन में सवार
होने लगे। इसी दौरान अशोक पत्नी को ट्रेन में चढ़ाने का प्रयास करने लगे,
लेकिन पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई। पत्नी को बचाने के चक्कर में अशोक भी
ट्रेन के नीचे चले गए। ट्रेन के नीचे पति-पत्नी को जाते देख स्टेशन पर
अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाते हुए लोग स्टेशन मास्टर के पैनल कक्ष की तरफ
भागे। तब तक ट्रेन कुछ दूर निकल चुकी थी। आनन-फानन में ट्रेन रुकवाई गई। इस
दौरान यात्रियों की भीड़ जुट गई। ट्रेन रुकने पर लोगों ने देखा कि दोनों
पटरी के बीच लेटे थे। हालांकि उनके जिदा होने पर सभी ने राहत की सांस ली।
यात्रियों ने आवाज देकर दोनों को बाहर निकाला। बुजुर्ग दंपती बुरी तरह से
डरे हुए थे। जिदगी वापस पाकर उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया।