लगातार बढ़ रहा गोमती का जलस्तर
https://www.shirazehind.com/2018/08/blog-post_94.html
जौनपुर। लगातार बारिश के चलते हिलोरे मार रही गोमती का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले २४ घंटे में नदी का जलस्तर दो फीट और बढ़ गया। बताते हैं कि शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को नदी के बढ़ाव की रफ्तार धीमी हुई ही। गोमती का जलस्तर बढने से बदलापुर तहसील के गोपालापुर, शाहपुर सानी और अहियापुर में नदी का पानी गांव का रुख कर लिया है। तीनों गांवों में करीब २० एकड़ से अधिक खेतों में नदी का पानी भर गया है। हालांकि नदी का पानी अभी बस्ती से दूर है। जिला प्रशासन का दावा है कि बाढ़ से निबटने की सारी तैयारी पहले से ही कर ली गई है। अभी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। गोमती नदी खतरे के निशान से आठ फीट नीचे है। गोमती नदी का जल स्तर शुक्रवार को १२ घंटे के भीतर चार फीट बढ़ गया था। शुक्रवार को सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर ११ फीट था जो शाम को आठ बजे तक १५ फीट तक पहुंच गया। शनिवार को शाम आठ बजे तक नदी का जलस्तर १७ फीट तक पहुंच गया। शहीपुल से लेकर सद्भावना पुल और शास्त्री पुल के बीच नदी के दोनों छोर पर स्थित कई मकानों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है। हालांकि पानी घर के पास तक पहुंचने के बाद भी लोग अभी तक घर नहीं छोड़े हैं। जिला शासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी करने का दावा किया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व आरपी मिश्र का कहना है कि जिले के जो इलाके सबसे पहले बाढ़ से प्रभावित होते हैं वहां बाढ़ आने की स्थिति में नाव और नाविकों की सूची तैयार है। लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने के लिए जहां बाढ़ चैकियां बनानी है वे स्थान भी निश्चि कर लिए गए हैं। लेखपालों को पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।