अब शासन सीधे देखेगा कर्जमाफी का काम
https://www.shirazehind.com/2018/05/blog-post_131.html
जौनपुर। अब कर्ज माफी से छूटे किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। तमाम शिकायतें मिलने के बाद शासन ने एक बार फिर इसका संज्ञान लिया है। अब शासन खुद कर्ज माफी का कामकाज देखेगा। किसानों की परेशानी को देखते हुए एनपीए समाधान योजना से वंचित किसान एक बार फिर इसमें शामिल किए जाएंगे। ऐसे किसानों के लिए कर्ज राहत पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। इस पर किसान शिकायत दर्ज करा कर्ज माफी की गुहार लगा सकेंगे। शासन स्तर से उनका सत्यापन होगा। पात्र मिलने पर फौरन लाभ दिया जाएगा। इस बार कर्ज माफी की रकम की मांग जिला स्तर से नहीं होगी। शासन खुद धनराशि स्वीकृति कर सीधे लाभार्थी के खाते में भेजेगा। इससे पारदर्शिता आएगी, साथ ही परेशानी में फंसे व किसी कारण पात्र होने के बाद भी लाभ से वंचित किसानों को फायदा मिलेगा। 21 मई से सात जून तक दर्ज होगी शिकायत। एनपीए समाधान योजना के लिए 21 मई से पोर्टल खुलेगा। योजना से छूटे किसानों को सात जून तक आनलाइन शिकायत दर्ज करानी होगी। सुविधा के लिए विकास भवन स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर भी शिकायतें दर्ज की जाएंगी। आठ से 15 जून पर शासन स्तर से इनका सत्यापन होगा। 16 से 17 जून को पात्र-अपात्र का चयन किया जाएगा। पात्र होने पर 19 जून को शासन स्तर पर धनराशि की मांग होगी। वहीं, इस बीच ऋण मोचन की कवायद भी चलेगी। 15 मई तक शाखा प्रबंधक सत्यापन करेंगे। 16 से 17 जून को जिला स्तरीय समिति पात्रों को संस्तुति देंगी। 18 से 20 मई तक पात्र-अपात्र की छंटनी होगी। इसके बाद धनराशि स्वीकृत होगी।