शिव मन्दिरों में भीड़, किया जलाभिषेक
https://www.shirazehind.com/2018/02/blog-post_313.html
जौनपुर । महाशिवरात्रि पर्व की धूम बुधवार को भी रही। सुबह से मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही तो अभिषेक एवं पूजन के साथ में महाशिवरात्रि पर्व मनाया गया। इस अवसर पर जहां शिवालयों में जयकारे गूंजे तो राहों पर कांवड़ियों के द्वारा बम-बम भोले की आवाजों से हर तरफ आस्था का माहौल कर दिया। भक्तों ने महाशिवरात्रि का व्रत रखा, लेकिन भ्रम की स्थिति के चलते महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। महाशिवरात्रि पर्व पर घरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। महिलाएं पूजा अर्चना के बाद मंदिरों में भोलेनाथ को जल चढ़ाने पहुंची। कई घरों में तो पूरा का पूरा परिवार उपवास पर रहा। ऐसे में छोटे बच्चों ने भी उपवास रखा। इस अवसर पर मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना का क्रम शुरू हो गया। दोपहर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। देर रात तक मंदिरों में भक्ति की धूम रही। कहीं पर भजन संध्या हुई तो कहीं पर अन्य धार्मिक कार्यक्रम। चारों प्रहर के पूजन को लेकर शिव भक्त भी उत्साहित नजर आए। । ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मना। शिव मंदिर पर भक्तों ने भगवान शिव को भांग का भोग लगाया। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कई स्थानों पर शिव बारात निकाली गयी। अखण्ड रामायण का पाठ किया गया और भण्डारे का आयोजन भी किया गया। शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहे। भक्तों ने फूल, धतूरा, बेलपत्र, दूध दही से अपने आराध्य का अभिषेक कर पूजा अर्चना की। तमाम भक्तों ने रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर प्रसाद का वितरण किया। सुबह से देर शाम तक मंदिरों में दर्शनों का क्रम चलता रहा। महाशिवरात्रि पर्व का अत्यधिक महत्व होने के चलते कई दिनों पहले से ही मंदिरों में तैयारियां होने लगती हैं। सुबह से ही भक्त मंदिरों की ओर जत्थों के रूप में जाते देखे गए। लोग हर हर महादेव के जयकारे भी लगा रहे थे। महिलाएं और युवतियां टोलियां बनाकर मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंची। भक्तों ने धतूरा, फूल, बेलपत्र, दूध दही भोलेनाथ के चरणों में अर्पित कर विधिविधान से पूजा अर्चना की। दर्शनों के लिए मंदिरों में अपार भीड़ रही। भक्तों ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक कर प्रसाद का वितरण किया। देर शाम तक दर्शनों और पूजा पाठ का क्रम चलता रहा। बहुत से भक्त जनपद के प्राचीन मंदिरों में भी पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे।