
आगरा। सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘‘भाजपा को रोकने और उसका सामना करने का दम सिर्फ सपा में है।’’
अखिलेश ने कहा, ‘‘भाजपा का सामना करने और उसे रोकने का काम सिर्फ समाजवादी पार्टी ही कर सकती है।’’ उन्होंने कहा कि जिस तरीके से जीएसटी की व्यवस्था बनायी गयी है, उससे बड़े पैमाने पर उद्योग और व्यापारी संकट में आ गये हैं। नोटबंदी से जो व्यापार रुका था वह जीएसटी के कारण बंद हो गया। इन दोनों ने मिलकर नौजवानों का रोजगार छीन लिया है।
अखिलेश ने कहा, ‘‘हम समाजवादी लोगों को संकल्प लेना होगा कि हम उनके पहाड़ जैसे झूठ का पर्दाफाश करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, उसका झूठ भी उतने ही बड़े पहाड़ जैसा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा उत्तर प्रदेश और अपनी मौजूदगी वाले अन्य राज्यों में बड़ी ताकत से लोकसभा में पहुंचे। ‘‘हमें संकल्प करना होगा कि सपा और उसकी साइकिल और तेजी से आगे बढ़ती जाए।’’ अखिलेश ने इस मौके पर अपने पिता व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उनकी मुलायम से कई बार फोन पर बात हुई और उनसे आशीर्वाद भी मिला।
दरअसल, ताजनगरी आगरा में सपा का 10वां राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है जिसमें मुलायम सिंह और शिवपाल यादव को छोड़कर बाकी सभी बड़े नेताओं ने शिरकत की। इस अधिवेशन में 5 साल के लिए अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुना गया। यही नहीं सपा के संविधान में संशोधन भी किया गया। संशोधन के माध्यम से अब कोई भी पद 3 साल की वजह 5 साल के लिए होगा।