
जौनपुर। भाजपा सांसद डा. केपी सिंह ने लोकसभा सत्र में किसानों के नुकसान हुये फसलों के मुआवजे का मुद्दा काफी जोर-शोर से उठाया जहां उन्होंने संसद को अवगत कराया कि राष्ट्रीय आपदा हेतु उत्तर प्रदेश सरकार को केन्द्र द्वारा जितना धन दिया गया है, उसका आधा भी आज तक प्रदेश सरकार खर्च नहीं कर सकी है। वहीं उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा केन्द्र पर धन की कमी के आरोप को गलत बताया। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की मिशनरी धन की बंदरबांट में जुटी हुई है। जिन किसानों को 100 व 75 रूपये का चेक दिया जा रहा है, वह भी चेक बाउंस हो जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ उतनी ही रकबे की जमीन का मुआवजा पहचान करके लाखों रूपये दे दिये जा रहे हैं। सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष से मुआवजे की राशि को केन्द्र व प्रदेश की किसी निगरानी समिति की देख-रेख में वितरण कराने हेतु अपना सुझाव दिया। साथ ही कहा कि अब तक जो राशि किसानों को वितरण किया गया है, उसकी सही जांच केन्द्रीय समिति से करायी जाय।