चोरो ने मारा लम्बा हाथ, पूर्व प्रधान के घर से किया लाखो का माल पार
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_7427.html
केराकत (जौनपुर ) कोतवाली क्षेत्र के अजोरपुर गांव में पूर्व प्रधान गेदालाल नट के घर से शुक्रवार की रात चोरों ने तीस हजार नगदी सहित पांच लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। भुक्तभोगी ने घटना के संबंध में तहरीर कोतवाली में दे दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
पूर्व प्रधान के भाई सदन और भतीजा मनोज को छोड़कर सभी पुरुष गांव के ही नंदलाल राय के लड़के की शादी में शामिल होने गए थे। जबकि महिलाएं रात में गाना गाने के लिए उनके घर गई हुई थी। उक्त दोनों लोग मकान के छत पर सो रहे थे। रात में करीब साढ़े ग्यारह बजे मनोज की नींद खुली तो उसे मकान के अंदर से खटपट की आवाज सुनाई पड़ी। जिस पर वह बरामदे में ऊपर से टार्च जलाकर देखा तो काले कपड़े से मुंह बांधे चार-पांच की संख्या में चोर सामान समेट रहे थे। इसी दौरान एक चोर ने उसकी ओर टूटे ताले से वार कर दिया, जो उसे नहीं लगा। इतने पर मनोज ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जब तक लोग आते तब तक चोर पश्चिम की ओर सामान लेकर भाग निकलने में सफल हो हुए। घटना की जानकारी पर रात में ही कोतवाली अशोक तिवारी मौके पर पहुंच गए। मकान के मुख्य दरवाजा व अंदर के कमरों का दरवाजा टूटा हुआ मिला। सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे। छानबीन करने के बाद वे रात में वापस लौट गए। भुक्तभोगी ने शनिवार की सुबह कोतवाली में तहरीर दिया। जिसमें तीस हजार नगद सहित चार सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, दो कान की बाली, एक भर सोने का हार, दो नथिया और तीन पायल आदि सामान गायब होने की बात कही।