सीएम की सख्ती के बाद अफसर हुए राइट टाइम
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_4976.html
जौनपुर : मुख्यमंत्री की सख्ती का असर जिले में जबरदस्त देखने को मिल रहा है। कार्य कराने को लेकर अफसर काफी कड़क हो गए है। इसका प्रमाण डीएम सुहास एलवाई को मिली नोटिस के बाद से देखने को मिल रहा है। नोटिस मिलने के बाद जिलाधिकारी अब तक 130 से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों पर गाज गिरा चुके है। साथ ही भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर अग्रिम कार्यवाही करने के भी संकेत दे चुके है।
लोकसभा चुनाव में सपा को मिली करारी हार के बाद जनता की कसौटी पर अफसरों को जवाबदेह बनाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सख्त हो गए है। इसके लिए सीएम ने बीते महीने के आखिरी पखवारे में प्रदेश के कई जिलाधिकारियों की फोन से ही उपस्थिति ली। जिसमें डीएम सुहास एलवाई सहित कई जिलाधिकारी अनुपस्थित मिले थे। इस पर उन्होंने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जरूरी फरमान भी दिया था। नोटिस के बाद जिलाधिकारी के तेवर ही बदल गए। वे हर मामले को गंभीरता से लेते हुए उस पर तत्काल कार्यवाही कराने में जुट गए। इसके लिए सबसे पहले उन्होंने विभागों के दफ्तरों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया। प्राय: किए गए निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक 130 से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों के एक दिन के वेतन रोक दिए। साथ ही प्रतिदिन 10 से दोपहर 12 बजे तक सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठ जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराना शुरू कर दिए। डीएम ने लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए चुनाव में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम को विकास कार्य में आ रही समस्याओं के लिए जनता से सीधे जोड़ दिए। साथ ही समय-समय पर खुद विभागों में औचक निरीक्षण करने पहुंच रहे है।