दुल्हन को अगवा करने का प्रयास, प्रेमी की पिटाई
https://www.shirazehind.com/2014/06/blog-post_2576.html
जौनपुर: प्रेम में पागल युवक ने शादी के बाद विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन का रास्ता रोक कर उसे अगवा करने की कोशिश की। गाड़ी में मौजूद दूल्हे की सूचना पर पहुंचे बरातियों ने उसकी जमकर पिटाई की। मामला मीरगंज पुलिस के पास पहुंचा जहां थाने में घंटों चली पंचायत के बाद दुल्हन अपने ससुराल रवाना हुई।
सराय ममरेज थाना क्षेत्र के नेदुला गांव से बरात मछलीशहर थाना क्षेत्र के घिसुवा खुर्द गांव आई थी। शुक्रवार को दुल्हन विदा होकर अपने ससुराल के लिए रवाना हुई तो उसके रिश्तेदार प्रेमी ने मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी कलां गांव के पास दुल्हन की गाड़ी को रोक कर उसे अगवा करने की कोशिश की। गाड़ी में मौजूद दूल्हे ने तत्काल सूचना परिवार वालों को दी। पीछे वाहनों में सवार चल रहे लोग मौके पर पहुंचकर सिरफिरे आशिक की पिटाई करने लगे।
इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई तो सिपाही मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को मीरगंज थाने पर ले गए। जहां कन्या पक्ष एवं वर पक्ष के अन्य लोगों के पहुंचने के बाद घंटों पंचायत चली। इसके बाद मामला शांत हुआ और दुल्हन अपने पति के साथ ससुराल के लिए रवाना हुई।