आज ही दिन हुआ था आर एस एस का स्थापना
https://www.shirazehind.com/2013/10/blog-post_3385.html
जौनपुर। आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का दिन है। संघ इसे शक्ति के उपासना एवं विजय दिवस के रूप में पिछले 88 वर्षों से मनाता चला आ रहा है। इसी क्रम में सिकरारा क्षेत्र के मां शारदा बालिका इण्टर कालेज में शस्त्र पूजन हुआ जहां मुख्य वक्ता के रूप में संघ के जिला प्रचारक विश्व प्रताप ने उपस्थित लोगों के बीच कहा कि आश्विन शुक्ल दशमी को नवरात्रि तथा विजयादशमी कहा जाता है तथा यह शक्ति उपासना का पवित्र दिन भी है। आज के ही दिन विजिगीषु वृत्ति का जागरण, शस्त्र पूजन एवं संघ का स्थापना हुआ है। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम ने सामान्य लोगों को संगठित कर इसी दिन अत्याचारी व साधन सम्पन्न रावण का वध कर उस पर विजय प्राप्त किया था। विजय की आकांक्षा से युक्त संगठित समाज ही सभी समस्याओं पर विजय प्राप्त कर सकेगा। उन्होंने कहा कि हम शक्ति से सम्पन्न रहेंगे तभी पड़ोसी देशों यथा पाक, बांग्लादेश, चीन आदि के घातक हमलों से बच सकेंगे। मुख्य शिक्षक अंशु सिंह की उपस्थिति में प्रार्थना खण्ड कार्यवाह प्रहलाद जी ने कराया। तत्पश्चात् लालजी यादव ने अमृत वचन का पाठ किया। इस अवसर पर संघ के जिला सह संघचालक नवरंग बहादुर सिंह, राम प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह के अलावा तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।